Apple iPhone: पिछले कुछ वर्षों में Apple ने भारत में अपने निवेश को लगातार बढ़ाया है और अब इसका असर साफ दिखाई देने लगा है. हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, बीते एक साल में भारत में बनने वाले iPhone की संख्या करीब 53 प्रतिशत तक बढ़ गई है. इसी के साथ अब दुनिया भर में बनने वाले हर चार iPhone में से एक फोन भारत में तैयार किया जा रहा है.
चीन पर निर्भरता कम करने की रणनीति
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी का मुख्य उद्देश्य उत्पादन के लिए चीन पर निर्भरता कम करना है. इसके पीछे एक बड़ी वजह अमेरिका और चीन के बीच चल रहा टैरिफ विवाद भी बताया जा रहा है. इसी कारण Apple धीरे-धीरे अपने मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क को दूसरे देशों में भी मजबूत कर रहा है जिसमें भारत सबसे अहम केंद्र बनकर उभर रहा है. जानकारी के मुताबिक, साल 2025 में भारत में लगभग 5.5 करोड़ iPhone असेंबल किए गए जबकि 2024 में यह आंकड़ा करीब 3.6 करोड़ था. यानी सिर्फ एक साल में उत्पादन में बड़ी छलांग देखने को मिली है.
हर साल बनते हैं 22–23 करोड़ iPhone
Apple हर साल वैश्विक स्तर पर लगभग 22 से 23 करोड़ iPhone तैयार करता है. हालांकि अभी भी सबसे ज्यादा उत्पादन चीन में ही होता है लेकिन पिछले साल अमेरिका-चीन टैरिफ विवाद की वजह से वहां से होने वाली शिपमेंट में रुकावटें आई थीं. यही कारण है कि कंपनी ने वैकल्पिक उत्पादन केंद्रों पर तेजी से काम शुरू किया.
भारत में लागत ज्यादा लेकिन सरकार का समर्थन
हालांकि भारत में फोन असेंबल करने की लागत अभी भी चीन और वियतनाम की तुलना में थोड़ी ज्यादा बताई जाती है. इसके बावजूद कंपनी भारत में अपने संचालन को बढ़ा रही है. इसकी एक बड़ी वजह भारत सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना है जिसका मकसद देश को एक वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है. इन प्रोत्साहनों की मदद से कंपनियों को सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियों को काफी हद तक संतुलित करने में मदद मिल रही है.
iPhone 17 सीरीज भी भारत में असेंबल
इस समय Apple की पूरी iPhone 17 सीरीज—जिसमें Pro और Pro Max मॉडल भी शामिल हैं भारत में असेंबल की जा रही है. कंपनी के प्रमुख सप्लायर जैसे Foxconn, Pegatron और Tata Electronics यहां उत्पादन में अहम भूमिका निभा रहे हैं. यही कंपनियां पुराने मॉडल जैसे iPhone 15 और iPhone 16 भी तैयार करती हैं जिन्हें भारत के साथ-साथ विदेशों में भी बेचा जाता है.
भारत में और निवेश की तैयारी
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Apple भारत में कुछ अहम कंपोनेंट्स के निर्माण के लिए नए साझेदार तलाश रहा है. इनमें लिथियम-आयन बैटरी सेल, फोन का बाहरी ढांचा और एक्सेसरीज़ शामिल हैं. साथ ही कंपनी AirPods और Apple Watch जैसे प्रोडक्ट्स के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है. संभावना यह भी जताई जा रही है कि इसी साल Apple भारत में Apple Pay सेवा की शुरुआत कर सकता है.
नए डिवाइस भी लॉन्च
हाल ही में Apple ने कई नए प्रोडक्ट्स पेश किए हैं. इनमें नया iPad, M5 चिप वाला MacBook Pro, और MacBook Neo शामिल हैं. MacBook Neo को खास तौर पर छात्रों और उन यूज़र्स के लिए पेश किया गया है जो कम कीमत में Apple इकोसिस्टम का हिस्सा बनना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें:
Bluetooth ऑन रखते हैं? आपका फोन कभी भी हो सकता है हैक! जानिए ये बड़े सिक्योरिटी खतरे