UPI Payment: अगर आप ऑनलाइन पेमेंट के लिए UPI का यूज करते हैं तो आपके लिए बड़ी अपडेट है. अब UPI पेमेंट का तरीका पूरी तरह बदल गया है और सभी यूजर PIN की जगह बायोमेट्रिक फीचर को यूज कर पाएंगे. नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने एंड्रॉयड के साथ-साथ आईफोन यूजर्स के लिए भी इस फीचर को रोल आउट कर दिया है. इसका फायदा यह होगा कि यूजर को अब 5,000 रुपये तक की पेमेंट करते हुए पिन डालने की जरूरत नहीं होगी और वह फिंगरप्रिंट या फेसआईडी से पेमेंट कर पाएगा.
अब सारे यूजर्स के लिए आ गया फीचर
अभी तक अमेजन पे और फोनपे समेत लिमिटेड ऐप्स पर ही केवल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए बायोमेट्रिक तरीके से पेमेंट का ऑप्शन था. अब यह सारे यूजर्स के लिए रोल आउट हो गया है. अब एंड्रॉयड के अलावा आईफोन यूजर भी फेसआईडी से पेमेंट कर पाएंगे. इस फीचर को यूज करने के लिए आपकी पेमेंट ऐप को अपडेटेड होना जरूरी है. साथ ही यह केवल 5,000 रुपये तक की पेमेंट के लिए काम करेगा. इससे बड़ी ट्रांजेक्शन के लिए पहले की तरह पिन की जरूरत पड़ेगी.
इस फीचर को कैसे इनेबल करें?
पिन की जगह बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से पेमेंट करने के फीचर को एक्टिव करना बहुत आसान है. इसके लिए फोनपे, गूगल पे या भीम समेत कोई भी ऐप जो आप यूज करते हैं, उसे ओपन करें. इसके बाद सर्च बार में Biometric Payment या Pay with FaceID लिखकर सर्च करें. इसे ओपन करने के बाद उस बैंक अकाउंट को सेलेक्ट करें, जिस पर आप यह फीचर यूज करना चाहते हैं. वेरिफिकेशन के लिए आपसे UPI पिन मांगा जाएगा. वेरिफिकेशन कंप्लीट होते ही बायोमेट्रिक पेमेंट फीचर शुरू हो जाएगा.
इस बदलाव से क्या फायदा होगा?
इस फीचर के आने से UPI पेमेंट्स अब और फास्ट हो जाएगी. कई लोग पेमेंट करते समय अपने पिन नंबर भूल जाते हैं या गलत पिन नंबर दर्ज कर देते हैं. अब नया फीचर उस झंझट से भी छुटकारा दिलाएगा. अब पिन नंबर की जरूरत ही खत्म हो गई है. अगर आपके फोन में फिंगरप्रिंट सेंसर लगा है तो आप फिंगरप्रिंट से और अगर आपका फोन फेसआईडी को सपोर्ट करता है तो चेहरा दिखाकर ही पेमेंट कर पाएंगे.
ये भी पढ़ें-
LPG सिलेंडर बुकिंग के लिए मारामारी, यह बन गई सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाली ऐप, ChatGPT को भी पछाड़ा